कलाल समाज सेवा संस्थान गैंजी इकाई की ओर से शुक्रवार को महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें इकाई के विभिन्न गांवों से मातृ शक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक विषयों पर अपने विचार व सुझाव रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ इकाई प्रमुख ईश्वरलाल भिंडा ने समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी मातृ शक्ति का स्वागत करते हुए किया। वरिष्ठ महिला उपाध्यक्ष रेखा व रंजना सहित मौजूद सभी महिलाओं का सम्मान किया गया। सम्मेलन में पूर्व जनरल अध्यक्ष चिमनलाल कलाल ने समाज में प्रचलित रीति-रिवाजों व सामाजिक नियमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज के नियम सभी के लिए समान हैं और उनकी पालना की शुरुआत प्रभावशाली व संपन्न परिवारों से होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति या परिवार सामाजिक नियमों से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक नियमों की समान रूप से पालना सुनिश्चित करने में मातृ शक्ति की भूमिका अहम है। महिलाएं जागरूक होकर समाज सुधार और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। सम्मेलन में इकाई अध्यक्ष ईश्वरलाल कलाल, पूर्व इकाई अध्यक्ष रमणलाल पाडली, संरक्षक चुन्नीलाल करावाड़ा मौजूद थे।