महिला सेवा संगठन मातृ शक्ति की ओर से रविवार को आयोजित ‘सृजन शक्ति प्रदर्शनी मेले’ में महिलाओं की रचनात्मकता, हुनर और उद्यमशीलता का संगम देखने को मिला। महिला उद्यमियों ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए, जहां लोगों ने उत्साह से खरीदारी की। दीपावली और करवा चौथ से जुड़ी आकर्षक वस्तुएं भी मेले में उपलब्ध रहीं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कांता साहू, पर्यावरण सेवा समिति अध्यक्ष बिरधीलाल मेहरा, शालू नागर, साध्वी लीना दीदी और गायत्री परिवार की ट्रस्टी हेमा गोयल रहीं। अतिथियों ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की। मंच संचालन मनीषा जैन और योगेश्वरी सोनी ने किया। कार्यक्रम में शिक्षा सेतु के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति, सम्मान, आत्मविश्वास और समान अवसर का संदेश दिया। प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की कॉर्डिनेटर शकुंतला उपाध्याय का अतिथियों ने सम्मान किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा समिति अध्यक्ष मोनिका त्रिगुणायत, व्यापार संघ खानपुर अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल, काली तलाई सेवा समिति अध्यक्ष हरीश जिंदल, हिंदू धार्मिक आयोजन समिति अध्यक्ष मनोज गुर्जर, जन सेवा समिति अध्यक्ष दीपक गौतम और भाविप अध्यक्ष नंदकिशोर कुमावत मौजूद रहे। आयोजन में मातृभक्ति संगठन की कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में संगठन ने अतिथियों, समाजसेवियों, पत्रकारों, सहयोगकर्ताओं, स्टॉल संचालक महिलाओं और नागरिकों का आभार जताया।