सीकर शहर में पिपराली रोड स्थित ICICI बैंक के एटीएम केबिन में शनिवार सुबह एक युवक को 28 हजार 500 रुपए मिले। युवक सुमित शर्मा ने तुरंत ईमानदारी दिखाते हुए रुपए उद्योग नगर थाना पुलिस को सौंप दिए। युवक को केबिन में ट्रांजेक्शन स्लिप भी मिली, जिसमें संबंधित बैंक खाते की पूरी थी। अब पुलिस ट्रांजेक्शन के आधार पर अकाउंट होल्डर की तलाश कर उसे रुपए सौंप देगी। सबलपुरा निवासी सुमित शर्मा ने बताया कि वो आज पिपराली रोड स्थित एटीएम मशीन से कैश विड्राॅल करने गया था। एटीएम केबिन में 28,500 रुपए पड़े मिले, जिन्हें उसने बिना देर किए उद्योग नगर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। एटीएम मशीन से बाहर निकली हुई थी नकदी सुमित शर्मा ने बताया कि आज सुबह करीब 10 बजे पिपराली रोड स्थित ICICI बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान उसने देखा कि एटीएम मशीन से पहले ही नकदी बाहर निकली हुई है। साथ ही वहां एक ट्रांजेक्शन स्लिप भी पड़ी थी, जिसमें संबंधित बैंक खाते की जानकारी थी। उसने तुरंत पैसे लेकर अपने साथियों नेमीचंद कुमावत और दिनेश झीगर को सूचना दी। जिसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ उद्योग नगर पुलिस थाने पहुंचा। जहां उसने उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश बुडानिया को पूरी घटना की जानकारी देते हुए 28,500 रुपए सौंप दिए। सोमवार को अकाउंट होल्डर को सौंप दिया जाएगा कैश आज शनिवार को बैंक में छुट्टी होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह राशि किस के खाते से निकली है। उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश बुडानिया ने कहा कि सोमवार को बैंक खुलने के बाद ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर वास्तविक अकाउंट होल्डर की पहचान कर उसे नकदी सौंप दी जाएगी।