भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बारां में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कवाई में पदस्थापित हेड कॉन्स्टेबल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रिश्वत की राशि गांव के दलाल के माध्यम से ली थी। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी इकाई बारां द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपी रामनिवास, हेड कॉन्स्टेबल पुलिस थाना कवाई और दलाल हंसराज राठी निवासी ग्राम कोहनी, थाना कवाई को गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बारां को परिवादी गिर्राज नागर ने शिकायत दी थी कि थाना कवाई पर पदस्थापित हेड कॉन्स्टेबल रामनिवास उसको झूठे मुकदमे में नहीं फंसाने की एवज में 70 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत पर ACB ने रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया तो आरोपी द्वारा 15,000 रुपए की रिश्वत मांगना पाया गया। इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस ओम प्रकाश मीना के सुपरविजन में एसीबी चौकी बारां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालू राम वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने रिश्वत राशि पीड़ित के ही गांव के हंसराज राठी के माध्यम से मंगवाई, जिसे एसीबी टीम ने बरामद कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ व अग्रिम कार्रवाई जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।