ब्यावर नगर परिषद चुनाव से पहले वार्ड 7 की वोटर लिस्ट में ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं के नाम जुड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि वोटर लिस्ट में करीब 262 मतदाताओं के नाम बढ़ गए हैं। जिन इलाकों के मतदाताओं के नाम वार्ड की लिस्ट में जुड़े हैं, उनमें रतनपुरा सरदारा, थोरियों का बाडिया, भिलातों का बाडिया और लगेतों का बाडिया जैसे कई छोटे-बड़े ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। वार्ड 7 के परिसीमन के हिसाब से इसमें जैन कॉलोनी, सांसी बस्ती, छावनी फायर ऑफिस, ब्यावर क्लब, ए.के.एच. अस्पताल और सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय जैसे शहरी इलाके आते हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों के नाम जुड़ने से उम्मीदवारों और मतदाताओं, दोनों में असमंजस की स्थिति है। ग्रामीण इलाकों के नाम जुड़ने से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के सामने नई चुनौती आ गई है। उनके लिए अब इन ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना और प्रचार करना मुश्किल होगा। साथ ही, वोटिंग के दिन इन मतदाताओं को वार्ड के तय पोलिंग बूथ तक पहुंचने में भी दिक्कत हो सकती है। दूसरी ओर उन ग्रामीण मतदाताओं के सामने भी असमंजस है, जिनके नाम लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र की वोटर लिस्ट में दर्ज थे। अचानक नगर परिषद के वार्ड 7 की लिस्ट में नाम आने से वे समझ नहीं पा रहे हैं कि उन्हें किस पोलिंग बूथ पर वोट डालना होगा और उनका वोट किस क्षेत्र में गिना जाएगा। चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने पर ही साफ होगा कि इन ग्रामीण मतदाताओं का वोट कैसे डाला जाएगा। उम्मीदवार इन मतदाताओं तक कैसे पहुंचेंगे, यह भी आने वाले समय में पता चलेगा। इस मामले को लेकर चुनाव अधिकारियों से स्थिति साफ करने की मांग उठने लगी है।