हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने लखुवाली गांव में हुई फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए के इनामी हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, पांच देसी कट्टे, 10 जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक इरफान के खिलाफ करीब 42 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 10 टीमों ने संभाला मोर्चा जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। इनमें हनुमानगढ़ टाउन थाना, लखुवाली चौकी, शेरगढ़ चौकी, जिला विशेष टीम और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के सदस्य शामिल थे। टीमों ने हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर समेत आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दी। फायरिंग की घटना के तुरंत बाद जिले में ए-श्रेणी की नाकाबंदी कराई गई। पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही का पता लगाने के लिए 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। टोल नाकों से भी जानकारी जुटाई गई और दर्जनों संदिग्धों से पूछताछ की गई। रूट मैप से ट्रेस की आवाजाही आरोपियों के संभावित भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस ने रूट मैप तैयार किया। इसके आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने खेतों और बीहड़ क्षेत्रों में तलाश के लिए ड्रोन कैमरों की मदद भी ली। नाकाबंदी के दौरान बाइक से भागे आरोपी पुलिस के अनुसार 30-31 अगस्त की मध्यरात्रि को हनुमानगढ़ से रावतसर जाने वाले मेगा हाईवे पर शेरगढ़ चौकी के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार दो युवक भारतमाला रोड से चौहिलांवाली होते हुए चक 22 एनडीआर की तरफ भागे हैं। इनमें लखुवाली फायरिंग मामले का आरोपी इरफान खान भी शामिल था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम चक 22 एनडीआर, आदर्शनगर और सेम नाला क्षेत्र की ओर रवाना हुई। लिंक रोड पर पुलिस को सामने से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही सवार ने बाइक दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में दोनों युवक बाइक से गिर गए। पुलिस ने मौके पर इरफान खान उर्फ फान और प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 32 बोर की एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में खुले बाकी आरोपियों के ठिकाने पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के मेगा हाईवे पर लखुवाली की रोही में इंतजार करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर जुमे खां पुत्र बरकत अली, जुम्मे खां पुत्र अकलीम खां उर्फ किमा, इब्राहिम पुत्र नूरजहां और नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों के कब्जे से पांच देसी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। छह हथियार, 10 कारतूस जब्त पुलिस के अनुसार सभी छह आरोपियों से कुल छह हथियार बरामद हुए हैं। इनमें एक 32 बोर पिस्टल, दो 12 बोर देसी कट्टे, दो 315 बोर देसी कट्टे और एक 410 बोर देसी कट्टा शामिल है। इसके अलावा 10 जिंदा कारतूस और एक बाइक भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना हनुमानगढ़ टाउन में अलग-अलग मामले दर्ज कर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आगे की जांच और विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। 42 मामलों वाला इरफान, 50 हजार का इनाम गिरफ्तार इरफान खान उर्फ फान हनुमानगढ़ टाउन थाने का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में करीब 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह नशा तस्करी से भी जुड़ा रहा है। उसकी गिरफ्तारी पर बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कुछ दिन पहले इरफान खान, उसकी मां जैबा बीबी और सास सहजादा बीबी उर्फ साजिया की नशा तस्करी से अर्जित बताई गई तीन करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज की गई थी। अन्य आरोपियों का भी लंबा आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के मुताबिक प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर के खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट सहित करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। जुमे खां हनुमानगढ़ टाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ हनुमानगढ़, बीकानेर, श्रीगंगानगर और सिरसा में चोरी व मारपीट सहित करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। इब्राहिम के खिलाफ हनुमानगढ़ टाउन थाने में चोरी, मारपीट, संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट सहित करीब पांच मामले दर्ज हैं। वहीं जुम्मे खां के खिलाफ चार और नदीम खान के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गाड़ी रोककर फायरिंग का आरोप लखुवाली में हुई फायरिंग के संबंध में परिवादी जुमे खां पुत्र मजूर अली, निवासी वार्ड नंबर 1 लखुवाली की रिपोर्ट पर हनुमानगढ़ टाउन थाने में प्रकरण संख्या 541/2026 दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने उसकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, गाड़ी के शीशे पर लाठी मारी और पिस्तौल से फायर किया। इसके बाद लखुवाली तिराहे पर दोबारा गाड़ी रोककर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया गया। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 324(2), 189(2), 111(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बाइक से गिरकर घायल हुए दोनों आरोपी पुलिस के अनुसार इरफान खान और प्रियकांत उर्फ टोनी पुलिस से बचकर भागने के प्रयास में बाइक से गिरकर घायल हो गए थे। दोनों का वर्तमान में इलाज चल रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास इतनी संख्या में हथियार कहां से आए और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामले में विस्तृत पूछताछ और अनुसंधान जारी रखा है।