जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में बीते 24 घंटे में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, साइबर ठगी, चोरी और धोखाधड़ी के मामलों पर कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और अवैध सामग्री जब्त की। यह कार्रवाई जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट पूर्व व पश्चिम के अपराधों पर लगाम लगाने के संयुक्त अभियान के तहत की गई। झंवर में 27 साल का तस्कर अफीम के साथ गिरफ्तार झंवर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धतरवालों की ढाणी राबड़िया से विकास (27) पुत्र रामस्वरूप विश्नोई को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध ठोस अफीम बरामद कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 4.42 लाख रुपए ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला राजीव गांधी नगर थाने में सामने आया है। कैरू निवासी आदम खान के साथ अज्ञात शातिर ठगों ने फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर 4,42,592 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मथानिया में अवैध शराब पकड़ी, कई जगह चोरी के मामले दर्ज मथानिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बासनी भाटियान से महेंद्रसिंह (41) को अवैध रूप से विभिन्न ब्रांड्स की शराब बेचने और कब्जे में रखने के आरोप में पकड़ा। वहीं चौहाबोर्ड थाना क्षेत्र के रांकावत विहार में बंद मकान के ताले तोड़कर अज्ञात चोर सोने का मंगलसूत्र, नथ व दस्तावेज चुरा ले गए। इसके अलावा बेनीवालों की ढाणी मथानिया, बॉम्बे डाईंग के पीछे सदर बाजार और एमडीएम अस्पताल शास्त्रीनगर से भी मोटरसाइकिलें व वाहन चोरी होने के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 8 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज सदर कोतवाली थाने में एक पीड़ित से 8 लाख रुपए ऐंठने और ऑफिस का इकरारनामा बनाकर रजिस्ट्री न कराने का मामला कोर्ट के जरिए दर्ज हुआ है। इसको लेकर सुरेश व्यास, मीना व्यास पत्नी सुरेश व्यास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।