कोटपूतली जिले में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने और हरियाली बढ़ाने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला प्रभारी सचिव और संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने गुरुवार को आंतेला गांव में चारागाह भूमि पर बनाए गए उद्यान स्थल पर खास वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर पौधे लगाए। ज्यादा से ज्यादा अभियान के जुड़ने की अपील इस मौके पर संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। उन्होंने आम लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में अभियान से जुड़कर पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उठाने को कहा। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत तय वृक्षारोपण लक्ष्य को पार करने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों का धन्यवाद दिया और उनके प्रयासों की तारीफ की। 17,35,089 पौधे लगाए जिला वन अधिकारी बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले को 12,52,454 पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले जिले में अब तक 17,35,089 पौधे लगाए गए हैं। यह तय लक्ष्य का 138.54 प्रतिशत है और जिला 7वें स्थान पर है। वाटरशेड के अधीक्षण अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि आंतेला गांव में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 (PMKSY 2.0) के तहत 20 हेक्टेयर क्षेत्र में चारागाह विकास के तहत एक उद्यान बनाया गया है। इस काम के लिए 60 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। यहां कुल 37,500 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें मियावाकी तकनीक पर आधारित 33,000, छायादार 2,500 और फलदार 2,000 पौधे शामिल हैं। मियावाकी तकनीक से कम जगह में ज्यादा संख्या में पौधे लगाकर घनी हरियाली विकसित की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर 3 सितंबर को "मां यशोदा" नाम से खास अभियान चलाकर जिलेभर में बड़, पीपल, कल्पवृक्ष, बेलपत्र, खेजड़ी, कदंब और रोहिड़ा के 500 से ज्यादा पेड़ लगाए जा रहे हैं। इन्होंने किया पौधारोपण इस दौरान एडीएम सोहन सिंह नरुका, एसडीएम डॉ. लाला राम यादव, एसीईओ डॉ. गोपाल मीणा, डीएफओ बृजमोहन गुप्ता, वाटरशेड अधीक्षण अभियंता राजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे और अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।