प्रतापगढ़ जिले के ग्राम कुलथाना में सोमवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन चेतनेश्वर महादेव कुटिया परिसर से कलश एवं पोथी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान धार्मिक जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। यात्रा के कथा स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। चारभुजानाथ मंदिर परिसर में हो रही कथा कलश एवं पोथी यात्रा के बाद श्री चारभुजानाथ मंदिर परिसर स्थित कुमावत धर्मशाला में कथा का आयोजन शुरू हुआ। कथावाचक पंडित निरंजन शर्मा गादोला वाले प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ श्रीमद् भागवत के विभिन्न धार्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का संगीतमय वाचन किया जाएगा। 31 अगस्त से 6 सितंबर तक चलेगा आयोजन श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा महोत्सव का आयोजन 31 अगस्त से 6 सितंबर तक किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। आयोजन श्री गणेश उत्सव मित्र मंडल और कुलथाना के समस्त ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। अंतिम दिन 6 सितंबर को कथा का विराम एवं पूर्णाहुति होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। धर्मप्रेमियों से कथा में पहुंचने का आह्वान विश्व हिंदू परिषद प्रतापगढ़ के जिला धर्म प्रचार प्रमुख आनंद कुमावत ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। आयोजन के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कथा स्थल पहुंचने की उम्मीद है।