कांग्रेस ने रींगस निकाय चुनाव के लिए अपने 16 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। रींगस पालिका में कुल 35 वार्ड है। इन पर 9 सितंबर को चुनाव होने है। रींगस पालिकाध्यक्ष का पद अनारक्षित वर्ग के लिए रखा गया है। रींगस के वार्ड 1 से प्रेमचंद को उम्मीदवार बनाया गया है। रींगस में अभी 19 वार्डों पर प्रत्याशियों की घोषणा अभी बाकी है। कांग्रेस की सूची में वार्ड 34 से सुमंत पारीक को उम्मीदवार बनाया है। सुमंत पारीक के पिता स्व.कैलाश पारीक और मां सुमित्रा पारीक रींगस नगर पालिका के चेयरमैन रह चुके हैं। सुमंत पारीक का वार्ड नंबर 20 ओबीसी के लिए आरक्षित हुआ है। ऐसी स्थिति में सुमंत पारीक अपने लिए सुरक्षित माने जा रहे वार्ड की तलाश कर रहे थे। अब वार्ड नंबर 34 से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए सोमवार को आवेदन पेश करेगें। वहीं पूर्व पार्षद पप्पू खंडेलवाल के वार्ड 14 महिला के लिए आरक्षित होने के बाद बेटे की बहू रेखा देवी को कांग्रेस की टिकट से उम्मीदवार बनाया है। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। रींगस नगर पालिका क्षेत्र में कुल 20,346 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 9,930 महिला मतदाता और 10,416 पुरुष मतदाता शामिल हैं।