किशनगंज | पंचायत राज चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को गांव की सरकार चुनने के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतों की गणना होगी। परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। किशनगंज ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य महिला का है। इस पद के लिए 10 महिला दावेदार मैदान में हैं। चुनाव चिह्न मिलते ही सभी दावेदारों ने मतदाताओं से संपर्क शुरू किया। गांवों में मतदान को लेकर उत्साह है। चर्चाएं चल रही हैं। निगाहें मतदान के बाद होने वाली गणना पर टिकी हैं। गुरुवार को मतदान के साथ प्रत्याशियों का फैसला मतपेटियों में बंद हो जाएगा। ग्राम पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। सुबह 11 बजे तक नामांकन हुए। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी हुई। कस्बे के 17 वार्डों में वार्ड पंच पद के लिए भी नामांकन हुए। वार्ड नंबर 6 से सुरमीत चौधरी, वार्ड 7 से लाड बाई नागर, वार्ड 9 से कैलाश चौधरी, वार्ड नंबर 10 से हीना शाक्यवाल, वार्ड 11 से प्रियंका सुमन, वार्ड 15 से बिंदु सहरिया निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोपहर 3 बजे निर्वाचन विभाग ने दावेदारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए। इसके बाद प्रचार तेज हो गया। कस्बे में चुनावी माहौल और गरमा गया।