देश के कई हिस्सों में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बीच दिल्ली-एनसीआर में इस सीजन में अब तक 2,260 मरीज सामने आ चुके हैं और अस्पतालों में रोज 100 से ज्यादा नए मरीज पहुंच रहे हैं। भरतपुर दिल्ली के नजदीक और हालात ये हैं कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर निगरानी, जांच के निर्देश दिए, लेकिन भरतपुर के सीएमएचओ से तैयारियों की जानकारी मांगी गई तो कोई जवाब नहीं मिला। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने जयपुर के स्वास्थ्य भवन में हुई समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएमएचओ और संयुक्त निदेशकों को हाई रिस्क क्षेत्रों में निगरानी और सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक जांच, दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीज भार के अनुसार डॉक्टर और अन्य स्टाफ लगाने तथा जिलों में उपलब्ध जांच सेवाओं की जानकारी लेने को कहा है। मंत्री की समीक्षा बैठक के बाद भरतपुर जिले में स्वाइन फ्लू की तैयारियों को लेकर सीएमएचओ से दोपहर बाद शाम करीब 4 बजे सीधे सवाल किए गए।