भास्कर न्यूज| बूंदी नशे से व्यक्ति ही नहीं, पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने वॉकथॉन रैली निकाली। इसमें करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। रैली में शामिल पुलिसकर्मी हाथों में नशामुक्ति के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चले और लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। एसपी अवनीशकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर के आदेशानुसार 1 से 7 नवंबर तक जिले में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक मनाया जा रहा है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर मीणा के सुपरविजन में जन-जागरूकता गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसी क्रम में 1 नवंबर को सुबह 8 बजे वॉकथॉन निकाली। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर कॉलेज चौराहा, सर्किटहाउस, बत्ती तिराहा, गोपाल सिंह प्लाजा, बहादुर सिंह सर्किल और पुलिस लाइन रोड होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची। इसमें सदर, कोतवाली, महिला थाना, साइबर थाना, यातायात शाखा, एमटी शाखा, एससी-एसटी सेल, पुलिस लाइन के करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान उन्होंने नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, नशामुक्त युवा-सशक्त भारत और नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद, योग, व्यायाम, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। अभियान के तहत अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से भी युवाओं को नशे से बचाने और उन्हें सही दिशा देने में भागीदारी निभाने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार 7 नवंबर तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां कराई जाएंगी।