टोंक| दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने में पीछे नहीं हैं। त्योहार पर मुनाफा कमाने के लिए बाजार में संदिग्ध मावा खपाने की कोशिश की जा रही है। टोंक में भी ऐसी ही एक कोशिश को नाकाम करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अजमेर से टोंक लाए जा रहे करीब 200 किलो संदिग्ध मावे को पकड़ा है। यह मावा शहर के मुख्य बाजार स्थित दो मिठाई प्रतिष्ठानों पर सप्लाई किया जा रहा था। विभाग ने दोनों दुकानों से मावे के नमूने लिए। शेष करीब 200 किलो मावा विक्रेता की सहमति से मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मावा, पनीर और मिठाइयों के छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि अजमेर से बस के जरिए टोंक में मावा लाया जा रहा है। इस सूचना पर टीम ने कार्रवाई की।