लाडपुरा गांव में शनिवार को एक किसान के खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर ने एक सियार को जकड़ रखा था और उसे धीरे-धीरे निगलने का प्रयास कर रहा था। खेत में वन्यजीवों का यह नजारा देखकर किसान घबरा गया। जानकारी के अनुसार, लाडपुरा निवासी किसान भेरू धाकड़ शनिवार को अपने खेत में हल्दी की फसल की देखभाल करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर फसल के बीच मौजूद अजगर पर पड़ी। अजगर ने सियार को जकड़ रखा था। किसान ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अजगर की सूचना मिलने पर वनपाल लोकेंद्र सिंह ने तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम में टेक्नीशियन लक्ष्मण सुथार, सेवानिवृत्त फौजी हनुमान चोयल, शंभु मीणा, दुर्गा लाल गुर्जर और बालु धाकड़ शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मशक्कत के बाद करीब 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।