जैसलमेर | शहर के कचहरी रोड पर स्थित सुधांश ज्वैलर्स एवं हैंडीक्राफ्ट की दुकान में गुरुवार सुबह चोरी का मामला सामने आया। दुकान मालिक त्रिलोकचंद सोनी ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट देकर एक महिला और पुरुष के गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दुकानदार ने बताया कि सुबह 10.30 बजे जैसे ही दुकान खोली, एक महिला और पुरुष सामान खरीदने के बहाने अंदर आए। उन्होंने चांदी की पाजेब और अंगूठियां दिखाने को कहा। दुकानदार जब सामान दिखाकर वापस काउंटर में रख रहा था, तभी उसे कुछ गहने कम लगे। संदेह होने पर जब दुकानदार ने उनकी जेब चेक की, तो चोरी की गई चांदी की पाजेब की एक जोड़ी बरामद हुई। चोरी पकड़े जाने पर मौके पर लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।