झालावाड़| झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में आयोजित डीजे नाइट में भावी चिकित्सकों ने पढ़ाई और चिकित्सा के तनाव से इतर संगीत, नृत्य और मनोरंजन के रंग बिखेरे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में मेडिकल विद्यार्थियों ने अपनी छिपी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए माहौल को खुशनुमा बना दिया। किसी ने अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं का मन मोहा तो किसी ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय पोरवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। विद्यार्थियों ने एकल गायन और समूह गायन के माध्यम से संगीत की विविध विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं एकल और सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर साथी विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। डीजे की धुनों और संगीत की लय के बीच विद्यार्थियों ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम में भावी चिकित्सकों ने यह भी साबित किया कि वे केवल चिकित्सा की पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. योगेंद्र तिवारी ने भी गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा रहे। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. माधुरी मीना, उपाधीक्षक प्रतिभा मीना सहित मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।