भास्कर न्यूज | टोंक शहर के रामकृष्ण नगर में स्टेडियम के सामने स्थित भूखंड पर कब्जे के प्रयास और 8 लाख रुपए की मांग का मामला सामने आया है। अंबिका कॉलोनी निवासी मुकेश चंदेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने मुकेश चावला उर्फ गुड्डू खटीक सहित अन्य पर निर्माण कार्य ढहाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच कर रही है। एफआईआर के अनुसार, परिवादी का आरोप है कि भूखंड संख्या 16 पर कब्जा करने की मंशा से उससे कब्जा छोड़ने और निर्माण कार्य करने देने के बदले 8 लाख रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत में बताया गया कि 3 सितंबर 2026 को परिवादी भूखंड पर मजदूरों से निर्माण कार्य करवा रहा था। इसी दौरान आरोप है कि गुड्डू खटीक ने राहुल और तुसाल को भेजकर निर्माण कार्य ढहा दिया। परिवादी ने घटना का वीडियो होने की बात भी कही है। इसके बाद संबंधित लोगों के घर पहुंचकर दोबारा निर्माण कराने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। थानाधिकारी बीएल वैष्णव ने बताया कि मामले की जांच एएसआई अखेराम कर रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है। फिलहाल जांच जारी है।