जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। अब टीम के कॉन्स्टेबल ललित और रामदयाल को लाइन हाजिर किया गया है। दोनों पर टीम प्रभारी एसआई प्रकाश वीर के साथ कार्रवाई के दौरान हाथापाई का आरोप है। इसकी शिकायत स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश तक पहुंची थी। इन दोनों कॉन्स्टेबल पर मुहाना थाने में नाबालिग से हुई मारपीट मामले में भी आरोप लगे थे। बता दें कि पिछले 15 दिनों में सीएसटी के 13 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। इसमें आर्म्स टीम का हेड कॉन्स्टेबल रोहिताश भी शामिल है, जिसे अवैध हथियार रखने के मामले में सस्पेंड किया गया है। लेकिन पुलिस अब तक यह नहीं पता लगा सकी कि रोहिताश के पास हथियार कहां से आए थे। एक साल पहले बनी नई टीम, अब बदलाव के संकेत; नई सीएसटी का गठन 40 पुलिसकर्मियों के साथ 11 नवंबर 2025 को किया गया था। अब तक 17 सदस्यों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई के बीच अब पूरी टीम के पुनर्गठन की संभावना भी जताई जा रही है। एनडीपीएस टीम के कॉन्स्टेबलों संदीप, दिनेश और शिवराज को लेन-देन से जुड़े मामले में सस्पेंड किया गया। एनडीपीएस टीम के कॉन्स्टेबल कृष्ण, वाहन चोरी टीम के कॉन्स्टेबल धर्मराज, जितेंद्र, गैंग्स टीम के कॉन्स्टेबल खेमचंद, सुधीर, स्नैचिंग टीम के जुगल और ओमप्रकाश को लाइन हाजिर किया गया। उधर, सीएसटी के कॉन्स्टेबल विजयपाल का हुक्का पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मामले की जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद सीएसटी की कार्यप्रणाली और टीम के सदस्यों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई ; स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि टीम के ही सदस्य की ओर से दुर्व्यवहार की शिकायत दी गई है। इसकी प्रारंभिक जांच एसीपी/प्रोबेशनर आईपीएस अदिति उपाध्याय कर रही हैं। दोनों कॉन्स्टेबल के नाम स्पेशल टीम से अलग करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।