शहर में अवैध कॉलोनियों पर नगरपरिषद की ओर से कार्रवाई शुरू हो चुकी है। मंगलवार को शहर के आईटीआई रोड, गुडा गांवडी, थोक सब्जीमंडी के सामने वाले क्षेत्र में सामान जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके चलते अब भू माफिया में हडकंप मचा हुआ है। भास्कर में 2 नवंबर के अंक में प्रशासन चुनाव में व्यस्त, कालीसिंध नदी के डूब क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहा व्यावसायिक निर्माण शीर्षक से खबर का प्रकाशन हुआ। इसी के साथ ही आईटीआई रोड पर भी बिना कन्वर्जन के कॉलोनी काटने और रोड निकालने के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसके बाद नगरपरिषद प्रशासन हरकत में आया और इन कॉलोनियों पर कार्रवाई शुरू की। अभी यहां निर्माण सामग्रियों को जब्त किया गया है। दरअसल, शहर में कई बड़े भवनों की निर्माण स्वीकृतियां काफी कम स्पेस की ली गई हैं जबकि निर्माण बहुत बड़े क्षेत्र में चल रहा है। ऐसे भी यहां बहुत मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन नगरपरिषद की ओर से अभी कार्रवाई नहीं शुरू की गई है। अतिक्रमण शाखा के सह प्रभारी राजू मालवीय ने बताया कि यह कार्रवाई अब लगातार जारी रहेगी। शहर में इन दिनों काटी जा रही हैं अवैध कॉलोनियां शहर में इन दिनों फिर से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। सस्ते प्लाटों के चक्कर में लोग इन कॉलोनियों में खरीदारी करते हैं। इधर, इन कॉलोनियों के पनपने से नगरपरिषद को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान भी होता है। इसी को देखते हुए अब नगरपरिषद ने इन पर कार्रवाई शुरू की है।