भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में नियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण हुआ। परीक्षा 18 अप्रैल को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर होगी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्रसिंह चांदावत ने कहा कि परीक्षा निष्पक्ष रहे। माहौल शांतिपूर्ण रहे। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं हो। किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी गौतम गोदारा ने केंद्र अधीक्षक, निरीक्षक, स्टेशनरी पर्यवेक्षक, अन्य अधिकारियों को नियम बताए। ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया समझाई। नकल रोकने के उपाय बताए। अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था, आपात स्थिति से निपटने के तरीके बताए। प्रशिक्षण में जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर तैयारियां की हैं। बाड़मेर जिले में 8 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शनिवार को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्रसिंह चांदावत ने बताया कि पुरुष अभ्यर्थी आधी या पूरी आस्तीन की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता, पायजामा, पेंट पहनकर आ सकेंगे। जींस की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थी सलवार सूट, चुन्नी या साड़ी पहन सकेंगी। आधी या पूरी आस्तीन का कुर्ता या ब्लाउज मान्य होगा। बालों में साधारण रबर बैंड लगा सकेंगी। बड़े बटन, मेटल बटन, ब्रोच, जड़ाऊ पिन, बैज, फूल लगाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि लाख या कांच की पतली चूड़ियों के अलावा किसी भी तरह के जेवर पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। अन्य चूड़ियां, कान की बाली, अंगूठी, ब्रासलेट पर रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था और तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात होगा। महिला पुलिसकर्मी भी रहेगी। परीक्षा समय से दो घंटे पहले से तलाशी होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। केंद्रों पर रोशनी, पानी, फर्नीचर, रैम्प, सफाई, टॉयलेट, कक्षों की खिड़की-दरवाजे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।