दीपावली की खरीददारी के बीच अजमेर के मुख्य बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है, इससे सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई है। इससे आमजन और व्यापारी दोनों ही परेशान हैं। अजमेर शहर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता ने दीपावली के दौरान बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चूड़ी बाजार और नगर निगम की तरफ से बड़े वाहनों की एंट्री तुरंत बंद की जानी चाहिए। गुप्ता के अनुसार गोल प्याऊ और पुरानी कोतवाली की तरफ से भी बड़े वाहनों का प्रवेश बंद किया जाए। नया बाजार मार्ग पर भी बड़े वाहनों की आवाजाही रोकी जाए, ताकि बाजारों में यातायात सुचारू रह सके। बाजारों में गलियों से पैदल चलना भी मुश्किल बाजारों में दुकानों के बाहर पूजन सामग्री और अन्य सामान की दुकानें लगने से रास्ते संकरे हो गए हैं। ऐसे में बड़े वाहनों और ई-रिक्शा की आवाजाही से यातायात का दबाव बढ़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखना जरूरी है। जाम के कारण ग्राहकों को परेशानी होती है और व्यापार भी प्रभावित होता है। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नहीं किए ठोस इंतजाम बाजारों में जाम की स्थिति के बीच यातायात पुलिस की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बाजारों में जाम खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आते। वहीं मुख्य चौराहों और सर्किल पर बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के चालान किए जा रहे हैं। दीपावली तक बड़े वाहनों और ई-रिक्शा पर पाबंदी के निर्देश मामले में एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने कहा कि दीपावली को देखते हुए यातायात विभाग को बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी बाजारों में दीपावली के त्योहार तक बड़े वाहनों और ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए हैं।