अजमेर में 18 साल की कॉलेज छात्रा के अचानक घर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक युवक शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया। छात्रा के घर से जाते समय अलमारी में रखे 3 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर भी गायब मिले। परिजनों ने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। 15 साल से रिश्तेदारों के साथ रह रही थी छात्रा परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा पिछले करीब 15 साल से अपने रिश्तेदार के घर रह रही थी। उसने वर्ष 2026 में अजमेर के एक स्कूल से 12वीं कक्षा पास की थी। इसके बाद वह घर पर रहकर प्रथम वर्ष की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच छात्रा अचानक घर से बिना बताए चली गई। परिजनों ने उसकी तलाश की तो पता चला कि एक युवक उसे शादी करने का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। अलमारी से नकदी और सोने के जेवर भी गायब परिजनों का आरोप है कि छात्रा घर से जाते समय सोने के टॉप्स, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, सोने की दो चूड़ियां और रुद्राक्ष की माला सहित करीब 3 लाख रुपए नकद भी ले गई। ये सभी सामान घर की अलमारी में रखा था। परिजनों के अनुसार, अलमारी की चाबी की जानकारी छात्रा को थी। मोबाइल नंबर बंद, परिजन तलाश में जुटे परिजनों ने रिपोर्ट में बताया कि घटना के बाद से छात्रा की तलाश की जा रही है। जिस युवक पर उसे अपने साथ ले जाने का आरोप है, उसके मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं। युवक के परिजनों से संपर्क करने पर भी घटना के संबंध में जानकारी नहीं मिल रही है। पुलिस मामले की जांच कर छात्रा की तलाश में जुटी है।