दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़ के बीच जेबकतरों की वारदातें भी बढ़ने लगी हैं। नया बाजार स्थित गोल प्याऊ के पास कचौरी की दुकान पर खड़े अजमेर में ग्राम पंचायत काशीर के सरपंच पति भागचंद चौधरी की जेब से सोमवार को 50 हजार रुपए की गड्डी निकालकर भाग रहे एक बदमाश को व्यापारियों और राहगीरों ने करीब 500 मीटर पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद गुस्साए लोगों ने बीच बाजार उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पीड़ित के 50 हजार रुपए भी बरामद हो गए। फोन पर बात करते समय जेब पर मारा झपट्टा पीड़ित भागचंद चौधरी ने बताया- मैं किसी काम से बाजार आया था। गोल प्याऊ के पास कचौरी की दुकान के बाहर खड़े होकर फोन पर बात कर रहा। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मेरे पास आया और अचानक जेब पर झपट्टा मारकर 50 हजार रुपए की गड्डी निकाल ली। रुपए निकालते ही युवक भागने लगा। शोर मचाया तो व्यापारियों ने दौड़कर पकड़ा जेब से रुपए निकलने का पता चलते ही भागचंद चौधरी ने शोर मचाया और आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मदद के लिए दौड़े। करीब 500 मीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बीच बाजार ही उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाजार में हंगामे की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई।