अजमेर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अभय कमांड के कैमरों की निगरानी के बावजूद वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कृष्णगंज थाना क्षेत्र के पंचशील बी-ब्लॉक में चोरों ने हार्डवेयर व सेनेटरी की दुकान को निशाना बनाया। चोर पहली मंजिल का कांच तोड़कर दुकान में घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपए के पीतल के नल सहित गल्ले में रखी 15 से 20 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। वारदात के बाद चोर दुकान के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। रात में दुकान बंद कर गया मालिक, सुबह सामान बिखरा मिला पीड़ित दुकानदार अक्षय सैनी ने बताया कि पंचशील बी-ब्लॉक में ब्राविया रेजीडेंसी के सामने तिराहे पर उनकी 'श्रीनाथ सेनेटरी एंड हार्डवेयर' नाम से दुकान है। रोजाना की तरह वे रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर का ताला सही मिला, लेकिन अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर चोरी का पता चला की चोरी हुई हैं। दुकानदार के अनुसार चोरों ने दुकान में घुसने के लिए पहली मंजिल का रास्ता चुना। किसी तरह ऊपर पहुंचकर फ्रंट का कांच तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद दुकान के पीछे की तरफ का गेट मोड़कर रास्ता बनाया। चोरों ने दुकान में रखे सामान को खंगाला और कीमती सामग्री लेकर फरार हो गए। दिवाली के लिए मंगवाया था नया स्टॉक, नकदी भी ले गए अक्षय सैनी ने बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए दुकान में पीतल के नलों का नया स्टॉक भरवाया था। चोर करीब 1 से 1.5 लाख रुपए कीमत के नल ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे 15 से 20 हजार रुपए भी गायब मिले। दुकानदार के अनुसार चोरी से हुए नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है। वारदात रात करीब 12:30 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए दुकान व पड़ोसी दुकान के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। हालांकि, एक फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे एक संदिग्ध नजर आया है। पीड़ित ने कृष्णगंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दुकानदार ने अभय कमांड सेंटर के फुटेज खंगालकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।