उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 3 और 4 नवंबर को रेल पेंशनर्स के लिए विशेष शिविर लगेंगे। शिविर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक अजमेर मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों और मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर में होंगे। यहां डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी 5.0) जमा करने और शिकायतों के निवारण की सुविधा मिलेगी। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत इन शिविरों का मकसद बुजुर्ग और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले पेंशनर्स को डिजिटल तरीके से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा देना है। अभियान अजमेर मंडल की वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में चलाया जा रहा है। आबूरोड रेलवे स्टेशन पर भी लगेगा कैम्प शिविर में आने वाले रेल पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को पीपीओ नंबर, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण या पासबुक और आधार से जुड़ा चालू मोबाइल फोन लाना होगा। इससे बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके आश्रित पारिवारिक पेंशनर्स के लिए शिविर अजमेर, ब्यावर, विजयनगर, नसीराबाद, मारवाड़ जंक्शन, आबूरोड, फालना, राणाप्रताप नगर, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा और डुंगरपुर रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे। मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर में भी यह सुविधा मिलेगी।