रेल पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए 3 और 4 नवंबर को शिविर लगेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल की ओर से ये शिविर 11 रेलवे स्टेशनों और मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर में लगाए जाएंगे। यहां पेंशनर्स की शिकायतों का भी निवारण किया जाएगा। शिविर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेंगे। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बुजुर्ग और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले रेल पेंशनर्स को घर के पास डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की सुविधा दी जाएगी। अभियान का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में हो रहा है। शिविर में आने वाले पेंशनर्स को पीपीओ नंबर, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण या पासबुक और आधार से लिंक चालू मोबाइल फोन लाना होगा। बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी 5.0) बनाया जाएगा। शिविर अजमेर, ब्यावर, विजयनगर, नसीराबाद, मारवाड़ जंक्शन, आबूरोड, फालना, राणाप्रताप नगर, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा और डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर लगेंगे। मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर में भी सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रित पारिवारिक पेंशनर्स से नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर सुविधा लेने की अपील की है।