अजमेर में प्ले ग्रुप में पढ़ने वाले 2 साल 10 महीने के प्रांश दगदी ने स्केटिंग में विश्व रिकॉर्ड बनाया है। 3 किलो वजन लेकर स्केटिंग करते हुए प्रांश ने 60 मीटर की दूरी 1 मिनट 12 सेकंड में पूरी की। बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेरिफिकेशन कमेटी ने प्रदर्शन की जांच के बाद इसे मान्यता दी है। 14 अक्टूबर 2026 को दर्ज इस रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र नंबर BWR/IND/2026/001604 है। अजमेर के लोहागल निवासी प्रांश सूरज दगदी और मीनाक्षी दगदी के बेटे हैं। वह वंडर वर्ल्ड प्ले स्कूल में पढ़ते हैं। प्रांश ने 2 साल 2 महीने की उम्र में स्केटिंग सीखना शुरू किया था। पिछले 10 महीने से वह नियमित अभ्यास कर रहे हैं। सुबह-शाम चार घंटे स्केटिंग का अभ्यास प्रांश रोजाना सुबह 4 से 6 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक स्केटिंग का अभ्यास करते हैं। रिकॉर्ड बनाने के लिए परिवार ने एक महीने तक विशेष अभ्यास कराया। इससे पहले हरियाणा में आयोजित प्रतियोगिता में भी प्रांश दूसरा स्थान हासिल कर चुके हैं। पिता ट्यूशन क्लास लेते हैं, मां चलाती हैं फैंसी स्टोर प्रांश के पिता सूरज दगदी ट्यूशन क्लास लेते हैं, जबकि मां मीनाक्षी दगदी फैंसी स्टोर चलाती हैं। दोनों बेटे के स्केटिंग अभ्यास में सहयोग करते हैं। मां मीनाक्षी का कहना है कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा बड़ा होकर कुछ बने। इसी उद्देश्य से परिवार उसकी स्केटिंग की रुचि को आगे बढ़ा रहा है। प्रांश की उपलब्धि को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से जारी प्रमाण पत्र में दर्ज किया गया है।