अजमेर में टॉयलेट जाने के विवाद में एक ट्रेवल कारोबारी पर एक युवक ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने कहासुनी के बाद कारोबारी के गले पर हथियार से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में 1 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे यह घटना हुई। सिविल लाइंस थाने के एएसआई लक्ष्मण कुमार ने बताया- घूघरा घाटी निवासी ट्रेवल एजेंसी संचालक राजेश पाराशर टॉयलेट करने गए थे। इसी दौरान टॉयलेट करने की बात को लेकर स्थानीय निवासी नंदू भाट उर्फ नितीश से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राजेश पाराशर पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी नंदू भाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर जांच कर रही है। गले पर धारदार हथियार से किया वार घटना के बाद घायल के बेटे हार्दिक पाराशर ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने घायल का मेडिकल मुआयना करवाकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हार्दिक पाराशर की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ तहत मामला दर्ज किया। एएसआई लक्ष्मण कुमार के अनुसार- प्राथमिक पूछताछ में पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। इसके बाद हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।