अजमेर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवतियों और एक नाबालिग किशोरी के लापता होने के मामले सामने आए हैं। तीनों के 31 अक्टूबर को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट दी। अलवरगेट थाना क्षेत्र में दो गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए हैं, जबकि एक मामला कृष्णगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है। एक मामले में युवती के घर से 30 हजार रुपए और मूल आधार कार्ड लेकर जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। अलवरगेट थाना क्षेत्र- सुबह घर से निकली युवती का नहीं लगा सुराग अलवरगेट थाना क्षेत्र में एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार युवती 31 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अलवरगेट थाना क्षेत्र-17 वर्षीय किशोरी बिना बताए घर से निकली अलवरगेट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। रिपोर्ट के अनुसार किशोरी 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे बिना बताए घर से निकल गई। उसके पास नीले रंग का बैग भी था। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कृष्णगंज थाना क्षेत्र- शादी के लिए रखे 30 हजार रुपए लेकर युवती लापता कृष्णगंज थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार 31 अक्टूबर को परिजन शादी के कार्ड देने गांव गए हुए थे। घर लौटने पर युवती नहीं मिली। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट में बताया गया कि युवती शादी के लिए रखे 30 हजार रुपए और अपना मूल आधार कार्ड लेकर गई है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।