अजमेर के वैशाली नगर में एक चोर ने शॉल ओढ़कर देर रात को 7-8 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की। घटना वैशाली नगर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र के माकड़वाली रोड की है। चोर ने सरिए से ताले तोड़े, इसके बाद शटर उपर उठाकर पेट के बल रेंगते हुए दुकानों में घुसा। चोर ने दुकान के गल्ले से नकदी और कोल्ड ड्रिंक चुराई इसके बाद वहां से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सुबह दुकानदार पहुंचे टूटे हुए ताले और गल्ले से कैश गायब था। चोर देर रात करीब 3:38 बजे इलाके में पहुंचा और सुबह करीब 4:50 बजे तक एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाता रहा। दुकानदारों के अनुसार, चोर ने मुख्य सड़क पर स्थित जूस सेंटर, डेयरी, नमकीन और अन्य दुकानों के ताले तोड़े। पहले दुकान के बाहर लेटा, फिर शटर के नीचे से रेंगकर घुसा सीसीटीवी में चोर की घटना को अंजाम देने की अनोखी तरकीब सामने आई है। चेहरे को शॉल से ढके चोर ने पहले दुकान के बाहर लेटकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद सरिए से ताला तोड़ा और शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर अंदर घुस गया। दुकान के अंदर पहुंचकर गल्ले खंगाले और नकदी निकाल ली। वारदात के बाद वह शटर के नीचे से ही रेंगकर बाहर निकल गया। इसी तरीके से उसने आसपास की कई दुकानों को निशाना बनाया। जूस सेंटर से नकदी और कोल्ड ड्रिंक ले गया चोर रिद्धि-सिद्धि जूस सेंटर के संचालक ओम सबलानी ने बताया कि बीकानेर स्वीट्स के पास उनकी दुकान पिछले 9 साल से संचालित है। सुबह कर्मचारियों ने दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक चोर चेहरे को ढककर दुकान में घुसता नजर आया। चोर गल्ले से करीब 1500 रुपए नकद और फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक ले गया। इससे करीब 2 से 2.5 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानदार के अनुसार चोर ने पास में स्थित फालूदा और रतलामी नमकीन की दुकान के भी ताले तोड़े। डेयरी का गल्ला साफ, सामान बिखरा मिला देवनारायण डेयरी के संचालक राकेश गुर्जर ने बताया कि सुबह करीब 5:40 बजे दुकान पहुंचने पर ताले टूटे मिले। शटर उठाकर देखा तो गल्ला खाली था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्हें करीब 4 से 5 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। सीसीटीवी में पीले रंग की शॉल ओढ़े चोर दुकान के बाहर लेटता हुआ और फिर ताला तोड़कर अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। डेयरी संचालक के अनुसार पास ही वर्धमान डेयरी, पान की दुकान और महालक्ष्मी मेडिकल के पास स्थित जूस सेंटर सहित 7-8 दुकानों के ताले तोड़े गए हैं। मुख्य बाजार में गश्त को लेकर व्यापारियों में नाराजगी चोरी की इस घटना के बाद व्यापारियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि चोर करीब एक घंटे तक बाजार में घूमकर दुकानों के ताले तोड़ता रहा, लेकिन उसे रोकने वाला कोई नहीं था। व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। पुलिस को सीसीटीवी के आधार पर चोर की पहचान करने और वारदात का खुलासा करने की मांग की गई है।