अजमेर में कल रात हुई बारिश से मौसम में ठंडक है। शहर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। जिले में सुबह साढ़े आठ बजे तक 22.6 एमएम बरसात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने व मेघगर्जन की संभावना है। बीते 24 घंटे में तापमान में 2.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री था, जो बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। बरसात की बात करें तो अब तक 419 एमएम हो चुकी है, जो औसत से 12 प्रतिशत ज्यादा है। देर रात हुई बारिश से सड़कों पर पानी भरा अजमेर में 14 दिन बाद बादलों ने चुप्पी तोड़ी। मंगलवार शाम करीब छह बजे रिमझिम बरसात व रात नौ बजे करीब आधे घंटे तक तेज बरसात हुई। तेज बारिश से कई मुख्य मार्गों पर पानी भरने से राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर कचरा पसरा, जिसने निगम के सफाई व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी। मंगलवार को दिन का पारा 34.8 डिग्री से उछलकर 35.6 डिग्री पर पहुंच गया। तपन और उसम ने लोगों को पसीने से तरबतर - किया। रात में हुई बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बिजली गुल की समस्या भी आई। अगस्त में गर्मी और ठंड, दोनों के अनोखे रिकॉर्ड अजमेर में अगस्त ने सिर्फ बारिश ही नहीं, तापमान के भी कई अनोखे रिकॉर्ड बनाए हैं। 19 अगस्त 1987 को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि 19 अगस्त 1973 को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह तापमान अगस्त में दिसंबर जैसी ठंड का एहसास कराने वाला रिकॉर्ड माना जाता है।