भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह देर रात जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर वह कैजुअल लुक में नजर आईं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने अपने फैंस की फरमाइश पर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। बतादें, अक्षरा सिंह जयपुर में अपने नए गाने की शूटिंग के लिए आई हैं। इस गाने का निर्देशन अमन प्रजापत कर रहे हैं, वहीं सौरभ प्रजापत भी इसके निर्माण से जुड़े हैं। गाने की शूटिंग जयपुर की अलग-अलग लोकेशन पर की जाएगी। भोजपुरी सिनेमा से बनाई अलग पहचान अक्षरा सिंह ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 2010 में फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से की थी, जिसमें वह रवि किशन के साथ नजर आई थीं। इसके बाद ‘प्राण जाए पर वचन न जाए’, ‘सौगंध गंगा मैया के’, ‘दिलेर’ और ‘साथिया’ जैसी फिल्मों में काम किया। धीरे-धीरे वह भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। अभिनय के साथ गायकी में भी बनाई पहचान अक्षरा सिंह की पहचान सिर्फ अभिनेत्री के तौर पर नहीं है। वह गायिका के रूप में भी सक्रिय हैं और उनके कई भोजपुरी गाने दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए हैं। ‘बोलत चलत बम बम बम’, ‘होली हिंदुस्तान के’, ‘कॉल करे क्या’ और ‘फलनवा के बेटा सपनवा में आता है’ जैसे गानों से उन्होंने संगीत के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वर्ष 2021 में उन्होंने ‘हुजूर’ नाम से अपना म्यूजिक एल्बम भी जारी किया।