लुणेरा के बीड की ढाणी निवासी बुजुर्ग दंपती ने अपनी छोटी बेटी और दामाद पर मारपीट करने, तथा पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। दंपती ने टोंक मुख्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सुरक्षा के साथ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता 75 वर्षीय सोनी गुर्जर ने बताया कि उनके पति हरि गुर्जर के नाम 13 बीघा पुश्तैनी जमीन और मकान है। आरोप है कि छोटी बेटी लाली और दामाद रामराय गुर्जर जमीन और पक्के मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। सोनी का कहना है कि उन्हें और उनके पति को घर से बेदखल करने के लिए लगातार परेशान किया जा रहा है। मारपीट की घटनाएं भी हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति की दृष्टि कमजोर है। इसके बावजूद प्रताड़ना जारी है। सोनी अपनी बड़ी बेटी धोली के साथ शिकायत लेकर टोंक पहुंचीं। दंपती का कहना है कि इससे पहले भी उन्होंने संबंधित थाने में शिकायत दी थी। 9 अक्टूबर को प्रकरण दर्ज होने के बाद निवाई तहसीलदार के समक्ष पेशी हुई थी। वहां रामराय को छह महीने के लिए पाबंद किया गया। उसे जमानत मुचलके पर छोड़ा गया। आरोप है कि जमानत के बाद गांव लौटने पर फिर मारपीट की गई। बड़ी बेटी धोली ने बताया कि परिवार में कोई भाई नहीं है। दो बेटियां ही हैं। दूसरी ओर, रामराय गुर्जर ने आरोपों को निराधार बताया। उसने दावा किया कि यह शिकायत किसी के बहकावे में कराई गई है। उसने आरोप लगाया कि उसका बड़ा भाई संपत्ति हड़पना चाहता है। इसी वजह से ससुराल पक्ष के जरिए साजिश की जा रही है। रामराय ने कहा कि वह सास-ससुर को माता-पिता समान मानता है। एएसपी रतनलाल भार्गव ने कहा कि मामले में संबंधित थाना प्रभारी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दत्तवास थाना प्रभारी निरमा मीणा ने कहा कि इस प्रकरण में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। आगे भी उचित कदम उठाए जाएंगे।