अलवर में दिल्ली रोड पर CNG पाइप लाइन डालने के दौरान बिजली निगम की 11 केवी अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना में जयपुर डिस्कॉम को 2 लाख 20 हजार 730 रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। निगम की ओर से संबंधित निर्माण कंपनी को नुकसान की राशि जमा कराने के लिए नोटिस भी दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं करने पर अब वैशाली नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार- जयपुर डिस्कॉम के बुध विहार ऑफिस में तैनात JEN नरेंद्र कुमार यादव ने रिपोर्ट दी कि 20 सितंबर को दिवाकरी मोड़ के पास दिल्ली रोड पर चंद्रमौली मोटर्स के नजदीक भगवान सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से टोरेंट गैस की CNG पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा था। इस दौरान वर्मीयर मशीन से बिजली निगम की 11 केवी हिगोटिया फीडर की अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट के अनुसार- कंपनी के सुपरवाइजर ने 28 सितंबर को नुकसान की भरपाई के लिए सहमति पत्र दिया था। इसके बाद निगम ने 13 अक्टूबर को डिमांड नोटिस जारी किया, जिसे 14 अक्टूबर को कंपनी के सुपरवाइजर ने प्राप्त कर सात दिन में राशि जमा कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 139 के तहत आरोपी राहुल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।