लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर अलवर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार को दिल्ली रवाना हो गए। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गए। हरियाणा में गुरुग्राम-सोहना रोड (NH-248A) पर स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा पर कांग्रेसियों को रुकना पड़ा। यहां बेरिकेडिंग लगी थी। जिसके कारण कांग्रेसियों को आगे निकलने में समय लगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी कहासुनी हुई। करीब एक घंटे तक खड़े रहने के बाद हंगामा किया। तब कुछ गाड़ियों को निकलने दिया। उसके बाद वापस बेरिकेडिंग लगा दिया। जिसमें काफी वाहन रुके रहे। कांग्रेस नेता इम्तियाज सहित काफी कांग्रेसियों ने विरोध किया। ये दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचे हैं। जहां केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार सोची-समझी रणनीति के तहत देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। "लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना, रैलियां निकालना और अपनी बात रखना विपक्ष का मौलिक अधिकार है, लेकिन मौजूदा सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए विपक्ष की हर आवाज को दबाना चाहती है। सिर्फ संविधान नहीं, जनता से जुड़े मुद्दों पर भी आर-पार प्रकाश गंगावत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की यह लड़ाई केवल लोकतंत्र और संविधान को बचाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देश के आमजन से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर भी पार्टी सड़क पर संघर्ष कर रही है। शिक्षा का गिरता स्तर, गंभीर होती बेरोजगारी और अन्नदाता किसानों की समस्याएं। इन तमाम जनहित के मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस दिल्ली की जमीन से अपनी आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करेगी। भाजपा की रैली को बताया 'दिखावटी' हाल ही में अलवर में निकाली गई भारतीय जनता पार्टी की रैली पर सवाल खड़े करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उसे पूरी तरह 'दिखावटी' करार दिया। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है और विपक्ष का असली कर्तव्य सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करना है।