अलवर में घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में महिलाओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एक मामले में महिला ने डॉक्टर पति पर पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर विवाह करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे मामले में विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर बुलेट मोटरसाइकिल और 2 लाख रुपए दहेज में मांगने व बेटी के जन्म के बाद घर से निकालने का आरोप लगाया है। 1. डॉक्टर पति पर पहली शादी छिपाकर विवाह करने का आरोप पहले मामले में कैमाला निवासी करीब 30 वर्षीय कविता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला के अनुसार, उसकी शादी 18 मई 2018 को अलवर निवासी बिजेंद्र सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि उसका पति पेशे से डॉक्टर है और बख्तल की चौकी क्षेत्र में क्लीनिक चलाता है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और मारपीट करता था। उसने पति पर अपनी जाति और पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर विवाह करने का भी आरोप लगाया है। महिला का एक बेटा भी है। परिवाद के अनुसार, 4 सितंबर को पति और उसकी बेटी ने महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान उसका सोने का मंगलसूत्र और टॉप्स छीन लिए तथा शादी के दस्तावेज जला दिए। आरोप है कि 1 अक्टूबर को पति ने फिर उसके साथ मारपीट की। शिकायत देकर लौट रही महिला और परिजनों से भी मारपीट का आरोप महिला ने आरोप लगाया कि थाने में शिकायत देने के बाद लौटते समय रास्ते में पति और अन्य लोगों ने उसके साथ ही उसके मामा-मामी के साथ भी मारपीट की। इस दौरान उसके बच्चे को झाड़ियों में फेंक दिया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कट्टा दिखाकर धमकी दी कि मौका मिलते ही उसे और उसके बच्चे को खत्म कर दिया जाएगा। महिला ने पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। 2. बुलेट और 2 लाख रुपए दहेज नहीं देने पर परेशान करने का आरोप दूसरा मामला केरवा जाट निवासी मंजू से जुड़ा है। महिला ने अपने पति विनोद और ससुराल पक्ष के छह अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत दी है। रिपोर्ट के अनुसार, मंजू की शादी 6 मार्च 2018 को हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और 2 लाख रुपए की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर महिला को भूखा-प्यासा रखने, कमरे में बंद करने और मारपीट करने का आरोप है। बेटी के जन्म के बाद बढ़ी परेशानी, घर से निकालने का आरोप महिला ने बताया कि 17 सितंबर 2022 को बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। आरोप है कि उसे बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया और स्त्रीधन लौटाने से भी इनकार कर दिया गया। जिसके बाद महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।