अलवर में भेड़ खरीदने के बहाने एक परिचित ने बुजुर्ग को बेहोश कर 5 लाख 54 हजार रुपए लूट लिए। पीड़ित ने सदर थाने में रिपोर्ट देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार- लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के ईरनिया गांव निवासी लखन सिंह (63) ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि अमरसिंह भील नाम का व्यक्ति भेड़ खरीदने के लिए कई बार मेरे पास आता था। हम दोनों मालाखेड़ा की तरफ 20 अक्टूबर को गए थे। इसके बाद 22 अक्टूबर को आरोपी दोबारा मेरे पास आया और भेड़ खरीदने की बात कहकर मुझे साथ ले गया। लखन सिंह ने बताया- मैंने दो दिन पहले ही अपनी भेड़ बेची थी। इसके रुपए भी मैं साथ ले गया। आरोपी ने मुझे भेड़ खरीदवाकर लक्ष्मणगढ़ छोड़ने की बात कही थी। आरोपी ने केले खिलाकर सिगरेट पिलाई पीड़ित लखन सिंह के अनुसार- रास्ते में दादर पेट्रोल पंप से पहले आरोपी शौच के लिए रुका और खुले में चला गया। वापस आने पर वह दो अन्य लोगों से बात करता हुआ आया। मेरे पूछने पर उन्हें अपना परिचित बताया। इसके बाद दोनों लोगों ने मुझे दो केले खिलाए और सिगरेट पिलाई। सिगरेट पीते ही मुझे चक्कर आने लगे और मैं बेहोश हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद मुझे होश आया तो मेरे 5 लाख 54 हजार रुपए गायब मिले, जो मैं 42 भेड़ और 16 उनके मेमनों को बेचकर लाया था। फिर वहां से हनुमान चौराहे पहुंचा। वहां से बहन के घर चला गया और आपबीती बताई।