अलवर में 11वीं के छात्र का अपहरण कर मारपीट करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। छात्र का आरोप है कि क्लासमेट्स ने उसे मिलने के लिए बुलाया। फिर 15 से 20 युवकों ने मिलकर उसका अपहरण कर लिया। उसे सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की। इसके बाद छात्र को घर के बाहर छोड़कर चले गए। मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। 31 अक्टूबर को जब छात्र स्कूल पहुंचा तो अन्य स्टूडेंट्स ने वीडियो को लेकर उसका मजाक उड़ाया। इससे परेशान होकर छात्र घर लौट आया और अगले दिन स्कूल जाने से मना कर दिया। छात्र ने परिजनों से कहा- यदि उसे जबरन स्कूल भेजा गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित छात्र के पिता ने शहर के एक थाने में मंगलवार रात चार स्टूडेंट्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। दोस्तों ने फोन करके मिलने के लिए बुलाया छात्र के पिता ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया- 20 अक्टूबर को उनके बेटे के पास दो क्लासमेट्स का फोन आया था। उन्होंने उसे एक मॉल के पास मिलने के लिए बुलाया। वहां जाने के बाद तीनों अंबेडकर नगर स्थित एक स्थान पहुंचे। इसी दौरान टेम्पो और बाइक से 15 से 20 युवक वहां आए और मेरे बेटे को जबरन अपने साथ ले गए। मारपीट कर घर के बाहर छोड़ गए परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने मेरे बच्चे के साथ मारपीट की और धर्म को लेकर अपमानजनक बातें कही। कलमा पढ़कर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया। बाद में मेरे बेटे को अधमरा करके घर के बाहर छोड़ गए। आरोपियों ने वीडियो किया वायरल छात्र के पिता ने रिपोर्ट में बताया- 22 अक्टूबर को एक अन्य मोबाइल नंबर से मेरे बेटे के पास फोन आया। फोन करने वाले ने धमकी दी और कहा कि धर्म परिवर्तन नहीं करेगा तो मारपीट का वीडियो वायरल कर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। बेटे के बात नहीं मानने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो को लेकर स्कूल में बनाया मजाक इसके बाद 31 अक्टूबर को जब मेरेा बेटा स्कूल पहुंचा तो अन्य विद्यार्थियों ने वीडियो को लेकर उसका मजाक उड़ाया। इससे परेशान होकर वह घर लौट आया। इसके बाद स्कूल जाने से इनकार कर दिया। मेरे बेटे ने कहा- यदि उसे जबरन स्कूल भेजा गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद पूरी घटना की जानकारी मिली। पीड़ित के पिता ने रिपोर्ट में चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।