अलवर में अगले साल 2027 में होने वाली टाइगर मैराथन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मैराथन को लेकर 6 नवंबर को मूसी महारानी की छतरी पर प्रीकर्सर इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें टाइगर मैराथन के ब्रांड एंबेसडर फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचेंगे। टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया- इस बार मैराथन 7 फरवरी 2027 को आयोजित होगी। इसमें देशभर से करीब 35 हजार धावकों के शामिल होने की संभावना है। इस बार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते विदेशी धावक शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में मैराथन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होगी। मैराथन में आर्म्ड फोर्सेज के करीब 5 हजार जवान भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव होप सर्कस पहुंचकर दीपावली की लाइटिंग का उद्घाटन करेंगे। यहां लेजर लाइट शो भी होगा। दीपावली पर 11 हजार दीपकों से जगमगाएगा अलवर संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत मेहंदी रत्ता ने बताया- धनतेरस पर शाम 6 बजे होप सर्कस और कंपनी बाग में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसमें 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। इसके अगले दिन होप सर्कस पर महाआरती और भजन जेमिंग का कार्यक्रम होगा। हाट बाजार में छोटे व्यापारियों को मिलेगा रोजगार नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने बताया- हाट बाजार में शुरुआत में छोटे व्यापारियों को कुछ कमियां महसूस हो सकती हैं, लेकिन इस व्यवस्था से उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बाजारों में भीड़ के कारण कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि किसी घटना के समय वाहन तक नहीं पहुंच पाते। इसे देखते हुए अवैध पटाखों की बिक्री रोकने के लिए नगर निगम की टीमें लगाई जाएंगी। टीमें छापेमारी कर कार्रवाई करेंगी।