अलवर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय महिला ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मामले में महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना रविवार देर रात बैरावास गांव की है। जानकारी के अनुसार, महिला ने जहरीली दवा का सेवन करके सुसाइड कर लिया। 13 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चे हैं बेसहारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोतीवाड़ा गांव निवासी गीता देवी (32) की शादी करीब 13 साल पहले बैरावास गांव निवासी श्रवण के साथ हुई थी। मृतका का पति श्रवण गाय-भैंसों का व्यापार करता है। गीता के तीन बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 11 वर्ष का है। पीहर पक्ष का आरोप- शराब के नशे में करता था मारपीट मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका दामाद श्रवण आए दिन गीता के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना के चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया या फिर उसे जहर दिया गया है। अस्पताल में हंगामा, पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने पर जब पीहर पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, तो बेटी का शव देख उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। नारायणपुर थाना पुलिस का कहना है कि मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है। पीहर पक्ष की ओर से मिलने वाली लिखित शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।