अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में कोचिंग जाने के लिए निकले दो दोस्तों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों युवक 31 अक्टूबर की सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने मामले में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, शहर निवासी एक युवक (18) अपने दूसरे दोस्त के साथ 31 अक्टूबर को सुबह करीब 8:30 बजे घर से कोचिंग के लिए निकला था। सुबह घर से निकलने के बाद जब दोनों शाम तक वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कोचिंग सेंटर पहुंचकर पता किया तो जानकारी मिली कि दोनों युवक उस दिन कोचिंग आए ही नहीं थे। परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट इसके बाद परिजनों और परिचितों ने आसपास के इलाकों सहित संभावित स्थानों पर दोनों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। दोनों युवकों के मोबाइल नंबरों पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद दोनों युवकों के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी। परिजनों ने पुलिस से दोनों युवकों को जल्द तलाशने की मांग की है।