रामसर | आजाद नगर गंगाला में बारिश नहीं होने से खेती पूरी तरह चौपट हो गई। असर अब पशुधन पर दिखने लगा है। चारे और पानी के अभाव में पशु दम तोड़ रहे हैं। गांवों और ढाणियों में जगह-जगह मृत पशुओं के अवशेष नजर आ रहे हैं। पशुओं की लगातार बिगड़ती स्थिति से किसान और पशुपालक परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार पशुओं के लिए चारा शिविर खोलने, राहत पहुंचाने के दावे कर रही है। आजाद नगर गंगाला में अब तक इसका लाभ नहीं मिला। पशुपालकों ने प्रशासन से जल्द पशु चारा शिविर शुरू करवाने की मांग की है। पशुपालक नाथाराम मेघवाल ने बताया कि चारे और पानी के अभाव में पशु भूख-प्यास से मर रहे हैं। पशुधन को बचाने के लिए सरकार और प्रशासन को तत्काल पशु चारा शिविर खोलना चाहिए। पशुपालक गंगाराम मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में पशुओं की हालत लगातार खराब हो रही है। सरकार ने जल्द पशु शिविर शुरू नहीं किए तो ग्रामीण जिला कलेक्टर बाड़मेर कार्यालय के आगे पशुओं का बाड़ा बनाकर धरना देंगे। पशुपालकों ने मांग की है कि हालात का तत्काल सर्वे हो। आजाद नगर गंगाला में पशु चारा शिविर शुरू किया जाए, ताकि बेजुबान पशुओं की जान बच सके।