धौलपुर| अर्नब का इफेक्ट समाप्त होने के बाद फिर लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान में रविवार से लगातार वृदि्ध देखी जा रही है। सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को भी अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़त के साथ 32 डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि न्यूनतम तापमान में जरूर 1 डिग्री की गिरावट देखी और 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो कुछ दिन अधिकतम तापमान स्थिर या फिर 1-2 डिग्री की बढ़त देखी जा सकती है। दो दिन पहले सर्दियों का अहसास होने के बाद मौसम में फिर से गर्माहट आ चुकी है। अल सुबह से सूर्य देव की उपस्थिति जरूर लोगों की गुलाबी सर्दी में सुकून पहुंचाती हो, लेकिन दोपहरी होते ही लोगों को गर्मी का भी अहसास होने लग रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अर्नब के कारण मौसम में परिवर्तन देखा गया था और दो दिन बारिश के कारण तापमान में भी 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट देखी गई थी, लेकिन तूफान का इफेक्ट खत्म होने के साथ ही मौसम फिर से शुष्क हो गया है, हालांकि दीपावली की आमद के साथ ही सर्दियां भी दस्तक दे देगी।