राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना) के संरक्षक सदस्य, हीरा व्यवसायी और समाजसेवी अशोक कुमार संचेती को न्यूयॉर्क में प्रतिष्ठित कौटिल्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एसोसिएशन ऑफ इंडियंस इन अमेरिका (एआईए) नेशनल के बिजनेस काउंसिल अवॉर्ड्स समारोह में यह सम्मान दिया गया। एसोसिएशन ऑफ इंडियंस इन अमेरिका (एआईए) नेशनल के बिजनेस काउंसिल अवॉर्ड्स समारोह का आयोजन 1 नवंबर को लॉन्ग आइलैंड स्थित क्रेस्ट हॉलो कंट्री क्लब में हुआ। समारोह में राना के अन्य संरक्षक सदस्य और विश्वविख्यात इंटरवेंशनल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. समीन शर्मा इस आयोजन के गाला चेयर रहे। राना अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने संचेती को मिले सम्मान और डॉ. शर्मा की भूमिका को पूरे राना परिवार के लिए गर्व का विषय बताया। न्यूयॉर्क में आयोजित समारोह में 5 हस्तियों को मिला कौटिल्य पुरस्कार इस वर्ष कौटिल्य पुरस्कार से सम्मानित 5 हस्तियों में पायनियर जेम्स एलएलसी के अध्यक्ष अशोक कुमार संचेती, पीएंडजी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलेट नॉर्थ अमेरिका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज भल्ला, क्रिस्पर थेरेप्यूटिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. समर्थ कुलकर्णी, एक्वस के अध्यक्ष अरविंद मेलिगेरी और वेल्स फार्गो एडवाइजर्स के प्रबंध निदेशक याकूब मैथ्यू शामिल रहे। भारतीय विरासत और संस्कृति को बढ़ावा देने वाली संस्था है एआईए 20 अगस्त 1967 को स्थापित एसोसिएशन ऑफ इंडियंस इन अमेरिका (एआईए) अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों का सबसे पुराना राष्ट्रीय संगठन है। करीब छह दशकों से यह संस्था भारतीय विरासत, संस्कृति, शिक्षा और समाजसेवा को बढ़ावा देने के साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय को एकजुट करने में भूमिका निभा रही है। समारोह में राना के संरक्षक सदस्यों, पदाधिकारियों और निदेशक मंडल के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। राना अध्यक्ष प्रेम भंडारी के साथ संरक्षक सदस्य के.के. मेहता, डॉ. नरिंदर कुकर और हरिदास कोटेवाला उपस्थित रहे। राना के प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष डॉ. शरद कोठारी, सचिव रवि जारगढ़, कोषाध्यक्ष नीलम मोदी, संयुक्त सचिव अमित सराफ और अमित शोरवाला तथा निदेशक मंडल के सदस्य दीप चोपड़ा और नितिन धारीवाल शामिल थे। नीलम मोदी एआईए नेशनल की राष्ट्रीय सचिव भी हैं। उन्होंने समारोह में बैंक्वेट चेयर की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स के अध्यक्ष अजय पटेल, जयपुर फुट यूएसए के कोषाध्यक्ष एवं समारोह के आयोजन अध्यक्ष हरीश ठक्कर और जयपुर फुट यूएसए से निक गर्ग भी मौजूद रहे। अक्षय पात्र को न्यूयॉर्क लाने में निभाई थी अहम भूमिका अशोक संचेती जयपुर फुट यूएसए के सलाहकार भी हैं। वे लंबे समय से परोपकार और समाजसेवा से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2006 में राना की ओर से आयोजित दूसरे अंतरराष्ट्रीय राजस्थानी सम्मेलन के दौरान अक्षय पात्र को न्यूयॉर्क लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उन्हें मिले कौटिल्य पुरस्कार को राना परिवार ने विशेष गौरव का विषय बताया। प्रेम भंडारी बोले- पूरे राना परिवार के लिए गर्व का क्षण दैनिक भास्कर से बातचीत में राना अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने कहा कि अशोक संचेती को प्रतिष्ठित कौटिल्य पुरस्कार मिलना और डॉ. समीन शर्मा का आयोजन का गाला चेयर होना पूरे राना परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी पांच पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही परोपकार, समाजसेवा और भारतीय प्रवासी संस्थाओं को सशक्त बनाने में राना सदस्यों के निरंतर योगदान की सराहना की। भंडारी ने डॉ. नरिंदर कुकर के एआईए के साथ लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि “एआईए उनके डीएनए में है।” उन्होंने एआईए नेशनल की अध्यक्ष नीलिमा मदान को भी बधाई दी। आयोजन टीम में नीलम मोदी, हरीश ठक्कर, कल्पना पटेल और गोबिंद भतीजा सहित सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।