जामनगर-अमृतसर भारतमाला एक्सप्रेसवे पर बागोड़ा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स मांगने से नाराज क्रेटा और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने टोल कर्मियों की पिटाई कर दी। युवकों ने खुद ही टोल बैरियर को उठाया और गाड़ी निकाली। जब उन्हें रोका गया तो खुद को लोकल बताते हुए कहा कि उनसे टोल क्यूं मांगा। इसके बाद सुपरवाइजर को थप्पड़ मारते हुए धमकाया। साथ ही मौजूद अन्य टोलकर्मियों से भी मारपीट की। फिर बिना टोल दिए गाड़ी ले गए। घटना बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे की है, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। टोल मैनेजर की रिपोर्ट पर बागोड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पहले देखिए- घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें बिना टोल दिए गाड़ी निकालना चाहते थे युवक टोल मैनेजर कृष्ण तोमर ने बताया- दोपहर करीब 3 बजे क्रेटा और स्कॉर्पियो गाड़ियों में आए युवकों ने टोल कर्मियों से बिना टोल गाड़ी निकालने की बात कही। जब टोल कर्मचारियों ने नियमानुसार मना किया, तो गाड़ी सवार युवक गुस्सा हो गए और कर्मचारियों से बदसलूकी करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने टोल प्लाजा पर तैनात सुपरवाइजर बाबू सिंह पर हमला कर दिया और उन्हें थप्पड़ मार दिए। वारदात के दौरान टोल प्लाजा पर कर्मचारियों में दहशत हो गई। हालांकि कुछ देर बाद सभी आरोपी बिना टोल चुका अपनी गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। टोल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के साथ बागोड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बागोड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल जगदीश ने बताया- सुपरवाइजर बाबू सिंह और टोल मैनेजर कृष्ण तोमर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। गाड़ी नंबर और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही हैं। गाड़ी जोधपुर की होना बताया हैं।