बांसवाड़ा में ब​जरंग दल का ‘आओ मंदिर चलो अभियान’ चल रहा है। इसके तहत दल के सदस्य घर-घर जाकर मंदिर में जाने की अपील करते हैं। सामूहिक हनुमान चालीसा और महाआरती के आयोजन करते हैं। मुहिम का असर हुआ है। जिन मंदिरों में आरती के वक्त इक्का-दुक्का भक्त नजर आते थे, वहां भीड़ दिखाई देने लगी है। शनिवार को बजरंग दल की अपील पर उदयपुर रोड स्थित त्रिपुरा कॉलोनी के कष्टभंजन हनुमान मंदिर में बड़ी तादाद में लोग महाआरती और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए। संस्कृति जागरण कर रहे बजरंग दल के स्थानीय सदस्यों के मुताबिक- सनातन संस्कृति के जागरण और युवाओं को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से ये अभियान चलाया जा रहा है। अभियान शहर में तेजी से गति पकड़ रहा है। आमजन और श्रद्धालु अभियान से जुड़ रहे हैं। हर शनिवार अब मंदिरों में भीड़ उमड़ने लगी है। ​वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी कष्टभंजन हनुमान मंदिर में हुए धार्मिक अनुष्ठान में बजरंग दल के जिला सह संयोजक मनोज पहलवान, नगर संयोजक प्रतीक, जितेन जोशी और दीपक गुरांग समेत संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सदस्यों ने बताया- कार्यकर्ता शहर में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। ऐसे में लोग खुद अभियान से जुड़ने लगे हैं।