जयपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व विधायक बलजीत यादव को राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जस्टिस रवि चिरानिया की बेंच ने बलजीत यादव को जमानत पर छोड़ने के निर्देश दिए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA-LAD फंड) के 3.72 करोड़ रुपए के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में बलजीत यादव को 3 फरवरी को गिरफ्तार किया था। MLA फंड के दुरुपयोग का आरोप बलजीत यादव साल 2018 से 2023 तक बहरोड़ से निर्दलीय विधायक थे। आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदे गए थे। ये खेल सामग्री ढाई-तीन गुना ज्यादा कीमत पर खरीद कर सरकार को नुकसान पहुंचाया और विधायक फंड से सामान की आपूर्ति में 3.72 करोड़ रुपए का घोटाला किया। इसके साथ ही टेंडर देने वाली फर्मों ने फेक डॉक्यूमेंट का यूज किया। इस केस में बालाजी कम्प्लीट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, सूर्या एंटरप्राइजेज, राजपूत स्पोट्‌र्स एंटरप्राइजेज, शर्मा स्पोट्‌र्स एंटरप्राइजेज के संचालक और शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारी भी आरोपी बनाए गए थे। एसीबी ने 12 दिसंबर 2024 को बलजीत यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज करके मामले की जांच शुरू की थी। 3 फरवरी 2026 को बलजीत यादव को गिरफ्तार किया था। ईडी ने रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 7 फरवरी को पूर्व विधायक को जयपुर की विशेष अदालत में पेश किया था, जहां से उनको जेल भेज दिया गया था। 29 अक्टूबर को फैसला रिजर्व रख लिया था बलजीत यादव की यह दूसरी जमानत याचिका थी। इस पर 29 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला रिजर्व कर लिया था। इससे पहले हाईकोर्ट बलजीत यादव की पहली जमानत याचिका को खारिज कर चुका था। इसके खिलाफ बलजीत ने सुप्रीम कोर्ट में अपील भी की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट से भी उनकी एसएलपी खारिज हो गई थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने मामले में जल्द ट्रायल करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ईडी कोर्ट ने उनके खिलाफ चार्ज फ्रेम कर दिए थे। इसी को ग्राउंड बनाकर बलजीत की ओर से दूसरी जमानत याचिका पेश की गई थी। उनकी ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ता चित्रांश सक्सेना ने कहा- मामले मे ईडी सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश कर चुकी है। वहीं ट्रायल कोर्ट ने चार्ज भी फ्रेम कर दिए हैं। याचिकाकर्ता लंबे समय से जेल में बंद है। अब उनसे किसी तरह की जांच की आवश्यकता भी नहीं है। ऐसे में जमानत का लाभ दिया जाए। वहीं जमानत का विरोध करते हुए केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि अभी मामले का ट्रायल चल रहा हैं। आरोपी को जमानत मिलने से ट्रायल प्रभावित होने की आशंका है। यह मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर मामला है। … ये खबर भी पढ़ें… जयपुर जेल में भूख हड़ताल पर पूर्व विधायक बलजीत यादव:बैरक में मोबाइल रखने के आरोप को झूठा बताया; DGP से सीसीटीवी जांच की मांग जयपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व विधायक बलजीत यादव 12 सितंबर को भूख हड़ताल पर बैठ गए। जेल में मोबाइल रखने के आरोप में यादव पर 9 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी। (पूरी खबर पढ़ें) ED ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को किया गिरफ्तार:MLA फंड दुरुपयोग मामले में कार्रवाई, 3 करोड़ के गबन का मामला बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। एमएलए फंड के दुरुपयोग मामले में ईडी की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने कार्रवाई की। (पूरी खबर पढ़ें)