बालोतरा जिले के धोरीमन्ना में खेत में सो रहे दो लोगों पर युवक ने मंगलवार देर रात लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में 61 साल के बुजुर्ग हरिराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लोगों ने हमलावर को पीछा कर पकड़ लिया। हमलावर बोला- मुझे पता नहीं मैंने हमला क्यों किया। मामला धोरीमन्ना थाने का मंगलवार रात 12 बजे का है। चारपाई पर सो रहे थे दोनों, अचानक हमला किया गुड़ामालानी डीएसपी सुमेर सिंह ने बताया- कन्हैया नगर कोजा गांव निवासी रामनिवास के खेत में बने कुएं पर उनके भाई पदमाराम (40) पुत्र पुरखाराम और हरिराम (61) पुत्र भारमल राम निवासी कुम्हारों की बेरी चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे के बीच खींचड़ निवासी किशनाराम वहां पहुंचा और दोनों पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में हरिराम के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पदमाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा, हाथ-पैर बांधे हमले के दौरान चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण जाग गए। उन्होंने हमलावर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को धोरीमन्ना अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई। पकड़े गए युवक ने बताई हमले की बात घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में ग्रामीण युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांधते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक पुलिस को बताता सुनाई दे रहा है कि वह सदराम की बेरी गया था और वहां से लौटने के बाद लाठी लेकर उसने हमला किया। युवक यह भी कहता है कि उसे नहीं पता कि उसने हमला क्यों किया और वह दोनों को जानता भी नहीं है। इनपुट : दिनेश ढाका