बालोतरा जिले की कल्याणपुर पुलिस ने चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए है। पुलिस ने चोरी की वारदात का 5 दिन में खुलासा किया है। दरअसल, कल्याणपुर निवासी लूणचंद ने 27 अक्टूबर को रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि मेरे घर में घुसकर सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। इसमें 90 ग्राम सोने के जेवरात (मंगलसूत्र, चूड़ियां, अंगूठी, झुमके), 1 किलो चांदी के सिक्के और आभूषण, 70 हजार रुपए कैश और 3 मोबाइल समेत अन्य सामान चुरा कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने 28 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। घटना स्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसपी राजेश कॉवत ने बताया- क्राइम पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी माल शत-प्रतिशत माल बरामद करने को लेकर स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी हरफूलसिंह, पचपदरा डीएसपी योगेश चौधरी के सुपरविजन में कल्याणपुर थानाधिकारी बाबुलाल के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने वारदात का खुलासा करने के लिए परंपरागत पुलिसिंग और तकनीकी सहयोग से सूचनाएं इकट्ठी की। इस मामले में संदिग्ध हीरसिंह पुत्र देवीसिंह निवासी कल्याणपुर, मनोहरसिंह पुत्र नैनसिंह निवासी कल्याणपुर के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। सूचना के आधार पर दोनों को डिटेन किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। टीम ने उनकी निशादेही पर चुराए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया।